न्यायिक सेवा समिति ने 'ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे' चलाया अभियान, ‘कोर्ट वाली दीदी’ शिकायत बॉक्स लगाया
![]() |
शौकत खान | Tue, 07-Apr-2026 |
|---|
डेगाना(नागौर डेली न्यूज)। शहर के सेठ गंगानबिशन बंकटलाल हेडा राबाउमावि में तालुका विधिक सेवा समिति द्वारा साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार संचालित "ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे" अभियान के तहत हुआ। कार्यक्रम में अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट राजेश्वर बिश्नोई ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।
उन्होंने साइबर अपराधों के विभिन्न प्रकारों, उनके दुष्परिणामों और उनसे बचाव के प्रभावी उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। मजिस्ट्रेट बिश्नोई ने विशेष रूप से सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी से बचने और व्यक्तिगत जानकारी को गोपनीय रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में विद्यार्थियों को समय रहते इन खतरों के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने साइबर क्राइम के नकारात्मक प्रभावों और सावधानी बरतने के महत्व पर भी प्रकाश डाला। शिविर के दौरान मजिस्ट्रेट ने विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने छात्रों के प्रश्नों के उत्तर दिए और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया, जिससे उन्हें साइबर सुरक्षा से संबंधित मुद्दों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिली। पीएलवी जुगल किशोर ने भी साइबर सेफ्टी विषय पर छात्राओं को सचेत रहने के बारें में जानकारी दी। मजिस्ट्रेट बिश्नोई ने जर्जर स्कूल का निरीक्षण भी किया।
‘कोर्ट वाली दीदी’ शिकायत बॉक्स लगाया-स्कूल में मजिस्ट्रेट ने ‘कोर्ट वाली दीदी’ शिकायत बॉक्स भी लगाया, जिससे छात्राएं अपनी समस्याएं गोपनीय रूप से साझा कर सकेंगी। विद्यार्थियों द्वारा इसमें डाली गई शिकायतों का निस्तारण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा। इस दौरान समाजसेवी इकबाल कुरैशी, ब्रजलता चौहान, कविता चौधरी, गोपीकृष्ण प्रजापत, मीनाक्षी पंवार, अनिता, सरला, भवानी शंकर, गजेन्द्र सिंह, पुरखाराम साहू, अरविन्द कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रही।