लाडनूं : बादेड़ के ग्रामीणों का रंगोत्सव रहा फीका, धरना स्थल पर ही मनाई गई होली
![]() |
अबू बकर बल्खी | Wed, 04-Mar-2026 |
|---|
लाडनूं(नागौर डेली न्यूज)। तहसील के किसान पिछले तीन महीनों से अपने हक की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रशासन की लगातार अनसुनी के चलते इस बार रंगों का त्योहार भी उनके लिए फीका रहा। ग्राम पंचायत मुख्यालय बनाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे बादेड़ गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को अपने घरों की बजाय धरना स्थल पर ही होली मनाई।
इस दौरान एक-दूसरे से रामा-श्यामा कर आपसी एकता का संदेश दिया। जाट महासभा अध्यक्ष नाथूराम ठोलिया, बजरंग लाल ठोलिया एवं एडवोकेट भगवती प्रसाद शर्मा ने बताया कि बादेड़ गांव ग्राम पंचायत मुख्यालय बनने का कानूनी रूप से हकदार है, इसके बावजूद सरकार ने कोयल को मुख्यालय घोषित कर ग्रामीणों के साथ अन्याय किया है।
उन्होंने कहा कि आंदोलन को तीन महीने पूरे हो चुके हैं, लेकिन अब तक न तो प्रशासन और न ही सरकार की ओर से कोई ठोस सुनवाई हुई है। मजबूरन ग्रामीणों को त्योहार जैसे पावन पर्वों पर भी धरना स्थल पर समय बिताना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।