लाडनूं : एसडीएम कार्यालय में नवनिर्वाचित 27 पार्षदों को शपथ दिलवाई
![]() |
अबू बकर बल्खी | Sat, 19-Sep-2026 |
|---|
लाडनूं(नागौर डेली न्यूज)। नगरपालिका चुनाव के बाद शनिवार को एसडीएम कार्यालय में नवनिर्वाचित 27 पार्षदों को शपथ दिलवाई गई। रिटर्निंग ऑफिसर ममता लहुआ ने भाजपा, कांग्रेस एवं निर्दलीय पार्षदों को पद की गोपनीयता बनाए रखने तथा वार्ड एवं शहर की स्वच्छता के लिए पूरी जिम्मेदारी से कार्य करने की शपथ दिलाई।
इसके बाद आरओ लहुआ ने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को उनके निर्वाचन का प्रमाण पत्र सौंपा। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। दोनों पार्टियां अपने-अपने नवनिर्वाचित पार्षदों को गाड़ियों के काफिले के साथ एसडीएम कार्यालय लेकर पहुंचे।
काफिलों के साथ पहुंचे पार्षदों और समर्थकों के बीच नगरपालिका में बोर्ड गठन को लेकर सियासी हलचल भी साफ नजर आई। अब नगरपालिका में अगला बोर्ड किसके नेतृत्व में बनेगा, इसे लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। शहरवासियों की निगाहें अब कल सोमवार 21 सितंबर को होने वाले पालिकाध्यक्ष के चुनाव पर टिकी हैं।