महावीर इंटरनेशनल का 45वां निःशुल्क हड्डी रोग जांच शिविर आयोजित, 77 मरीजों ने लिया लाभ
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Sun, 09-Aug-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। महावीर इंटरनेशनल कुचामन सिटी के तत्वावधान में श्रीमती गुणमाला देवी (स्व. कमलकुमार जैन) पाण्ड्या के सौजन्य से रविवार को 45वां निःशुल्क हड्डी रोग जांच शिविर आयोजित किया गया। अरिहंत हेल्थ केयर सेंटर, राजकीय चिकित्सालय के पास आयोजित शिविर में हड्डी, जॉइंट, लिगामेंट एवं घुटना रिप्लेसमेंट सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. जितेश जैन (राजस्थान हॉस्पिटल, जयपुर) ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
77 मरीजों ने कराया उपचार, 35 एक्स-रे और 24 रक्त जांचें निःशुल्क
शिविर में कुचामन शहर के अलावा नवलगढ़, किशनगढ़, डीडवाना, मकराना, नावां, मीठड़ी, पलाड़ा, मारोठ, करकेड़ी, राणासर, श्रवणपुरा, आसनपुरा एवं हिराणी सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए कुल 77 मरीजों ने लाभ लिया। इस दौरान मरीजों के 35 एक्स-रे एवं 24 रक्त संबंधी जांचें निःशुल्क की गईं। विशेषज्ञ चिकित्सक ने जांच के बाद मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक परामर्श दिया।
फिजियोथैरेपिस्ट ने भी दी निःशुल्क सेवा
शिविर में फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. रिषिका गोड़ ने जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क फिजियोथैरेपी प्रदान की। शिविर का शुभारंभ दानदाता वीर कैलाश चंद जैन पाण्ड्या, नरेन्द्र, सुशीला एवं शालिनी गंगवाल मीठड़ी, शिविर संयोजक वीर गोरधन मालवीय, वीर सुभाष गंगवाल, वीर भानु प्रकाश औदिच्य, संस्था अध्यक्ष वीर रामावतार गोयल, सचिव वीर अजित पहाड़िया, नरेश जैन एवं चिकित्सक डॉ. जितेश जैन ने किया।
जनप्रतिनिधियों ने किया शिविर का अवलोकन, सेवा कार्यों की सराहना
संस्था के सुभाष पहाड़िया ने बताया कि शिविर का पार्षद गोरीशंकर सर्राफ, समाजसेवी राजकुमार फौजी एवं अशोक पहाड़िया ने अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि महानगरों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं कुचामन में उपलब्ध होने से क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ मिल रहा है। उन्होंने महावीर इंटरनेशनल के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए संस्था के प्रयासों को साधुवाद दिया।
वीर सुरेंद्र सिंह दीपपुरा ने बताया कि शिविर के आयोजन में महेश लढ़ा, शबाना, जितेन्द्र एवं सुरजीत का सराहनीय सहयोग रहा। अंत में वीर अजित पहाड़िया ने चिकित्सक, सहयोगियों, दानदाताओं एवं शिविर में पहुंचे सभी मरीजों के प्रति आभार व्यक्त किया।