बादलों की छांव में सुनहरी उम्मीदें, खेतों में पकी फसल कटाई की तैयारी में जुटे किसान
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Fri, 27-Feb-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज) : क्षेत्र के खेतों में रबी की फसल पूरी तरह पककर सुनहरी चादर ओढ़े खड़ी है दूर-दूर तक लहलहाते जौ,गेहूं के खेत किसानों की महीनों की मेहनत का परिणाम दिखाई दे रहे हैं. आसमान में छाए बादलों के बीच किसान तेजी से कटाई की तैयारियों में जुट गए हैं ताकि मौसम के बदलते मिजाज से पहले फसल सुरक्षित घर पहुंचाई जा सके.
सुबह से ही खेतों में हलचल देखी जा रही है. किसान हंसिया लेकर फसल की जांच कर रहे हैं और नमी व मौसम को देखते हुए सही समय पर कटाई शुरू करने की रणनीति बना रहे हैं. वही आसमान पर बादलों की मौजूदगी से किसानों में चिंता भी है क्योंकि इस समय यदि बारिश होती है तो तैयार फसल को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है.
किसानों का कहना है कि यह फसल पूरे साल की मेहनत का परिणाम है और अब मौसम की हर चाल पर नजर रखी जा रही है. फसल कटाई की तैयारी में लग गए हैं ताकि समय रहते फसल सुरक्षित निकाल ली जाए और मौसम की मार से पहले मेहनत का दाना घर पहुंचाया जा सके. किसान नेता परसराम बुगालिया ने कहा कि यह फसल किसानों के पूरे साल के पसीने और संघर्ष का परिणाम है अब मौसम की जरा-सी मार भी किसानों की कमर तोड़ सकती है,
इसलिए प्रशासन को भी मौसम की स्थिति पर नजर रखते हुए किसानों को आवश्यक सलाह और सुविधाएं उपलब्ध करवानी चाहिए. किसान दिन-रात मेहनत करके अन्न पैदा करता है, उसकी मेहनत सुरक्षित रहना हम सबकी जिम्मेदारी है. उन्होंने आगे कहा कि किसान समय रहते कटाई में जुट जाएं और मौसम को देखते हुए फसल को सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था करें ताकि किसी भी संभावित नुकसान से बचा जा सके.
खेतों में लहराती सुनहरी बालियां जहां समृद्धि का संदेश दे रही हैं, वहीं आसमान में मंडराते बादल किसानों की चिंता भी बढ़ा रहे हैं. मेहनत और मौसम के बीच यह संवेदनशील समय किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. आसमान के बदलते तेवर किसानों की धड़कनें भी तेज कर रहे हैं. मेहनत और मौसम की इस जंग में किसान हर हाल में अपनी फसल बचाने के लिए तैयार नजर आ रहा है.