नीलाघर जन्मोत्सव पर निकली विशाल ध्वज पदयात्रा, भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु
| मोहम्मद शहजाद | Sat, 19-Sep-2026 |
|---|
मकराना(नागौर डेली न्यूज)। शहर के स्थानीय श्री देवनारायण मंदिर में नीलाघर जन्मोत्सव के पावन अवसर पर विशाल ध्वज पदयात्रा एवं एक शाम श्री देवनारायण के नाम भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। पदयात्रा शिव कॉलोनी मिंडकिया रोड से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री देवनारायण मंदिर पहुंची।
इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं समाजबंधुओं द्वारा पदयात्रा का स्वागत किया गया। भजन संध्या का शुभारंभ बाहर से पधारे सुप्रसिद्ध गायक कलाकार सेठू जी रेनास द्वारा गणपति वंदना एवं गुरु वंदना के साथ किया गया। इसके बाद कलाकार सेठू रेनास, कोलू राम गुर्जर, काना राम गुर्जर, कैलाश गुर्जर, पाँचू राम गुर्जर सहित अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस दौरान औक्टो पैड पर विक्की भाई, ऑर्गन पर काना राम गुर्जर तथा ढोलक पर भाई सलीम की टीम ने संगत दी। भजनों की मधुर प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु झूम-झूमकर आनंद लेते नजर आए। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण एवं जयकारों से गूंजता रहा। कार्यक्रम के समापन पर मंदिर पुजारी पूसाराम गुर्जर द्वारा विधिवत आरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।