नावां : नमक की भरी ट्राली पलटी, दो युवकों की मौत
![]() |
हितेश रारा | Wed, 04-Mar-2026 |
|---|
नावांसिटी(नागौर डेली न्यूज) : नावां शहर के समीपस्थ राजास-जाबदी नगर मार्ग पर बुधवार को नमक से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलट जाने से दो युवकों की जान चली गई। जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने तुरंत दोनों दबे युवकों को राजकीय चिकित्सालय नावां पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार राधेश्याम पुत्र पूरणमल मेघवाल व शंकर लाल पुत्र मुन्नाराम कामड जाबदी नगर की इस दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद नावां के राजकीय चिकित्सालय में ग्रामीणों की भीड़ लग गई। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस हादसे के बाद नावां पुलिस संवेदनशील नहीं दिखी।
घटना की जानकारी देने के बाद भी करीब एक घंटे बाद नावां पुलिस मौके पर पहुंची। गोरतलब है कि नावां क्षेत्र में हर रोज नमक से भरे हुए ओवरलोड ट्रैक्टर व डंपर चलते हैं।
प्रशासन व विभाग की ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई नहीं होने की वजह से आमजन को इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। बिना नंबरी ओवरलोड नमक से भरे ट्रैक्टर व डंपरों की वजह से आए दिन हादसे होते रहते हैं।