लाडनूं(नागौर डेली न्यूज)। नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर लाडनूं में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही निर्वाचन कार्यालय में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की आवाजाही देखने को मिली। नामांकन प्रक्रिया के पहले ही दिन 151 नामांकन फॉर्म वितरित किए गए, जिससे आगामी दिनों में चुनावी मैदान में उतरने वाले संभावित प्रत्याशियों की तस्वीर धीरे-धीरे स्पष्ट होने लगी है।
नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन निर्वाचन अधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी ममता लहुआ के समक्ष विभिन्न वार्डों से कुल 7 नामांकन फॉर्म जमा हुए। इनमें वार्ड संख्या 19, 23, 28 और 45 के प्रत्याशी शामिल रहे। नामांकन दाखिल करने के साथ ही इन वार्डों में चुनावी मुकाबले को लेकर चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है।
गौरतलब है कि नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही लाडनूं के विभिन्न वार्डों में राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं। अब आने वाले दिनों में प्रमुख राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय उम्मीदवार भी नामांकन दाखिल करेंगे। ऐसे में नामांकन की अंतिम तिथि तक चुनावी मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों की वास्तविक संख्या सामने आने के बाद वार्डवार मुकाबले की तस्वीर और अधिक साफ होगी।
पहले दिन के आंकड़ों ने बढ़ाई चुनावी उत्सुकता
नामांकन के पहले दिन ही 151 फॉर्म वितरित होना और 7 नामांकन दाखिल होना इस बात का संकेत है कि लाडनूं में नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रत्याशियों और समर्थकों में खासा उत्साह है। अब सभी की नजरें आगामी दिनों में होने वाले नामांकन और विभिन्न वार्डों में बनने वाले चुनावी समीकरणों पर टिकी हैं।