विज्ञापन

गोली से घायल युवक को ले जा रही एंबुलेंस निर्माणाधीन ओवरब्रिज के गड्ढे में पलटी, रास्ते में मौत

सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक Fri, 07-Aug-2026

नागौर/खींवसर(नागौर डेली न्यूज) नागौर जिले के खींवसर क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में गोली से गंभीर घायल युवक की मौत हो गई। युवक को बेहतर उपचार के लिए एंबुलेंस से जोधपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन खींवसर के पद्मसर चौराहे के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज के समीप एंबुलेंस गहरे गड्ढे में पलट गई। हादसे में घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एंबुलेंस चालक समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद निर्माणाधीन ओवरब्रिज की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

 

विज्ञापन

दोस्त के हाथ से चली गोली, फिर अस्पताल ले जाते समय हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान रामकुमार मंडल उर्फ रामदास, निवासी श्रीनगर, जिला मधेपुरा (बिहार) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार तड़के सदर थाना क्षेत्र में अपने दोस्त महिपाल विश्नोई, निवासी नांदिया खुर्द (भोपालगढ़, जोधपुर) के साथ मौजूद था। दोनों के बीच मजाक-मस्ती के दौरान महिपाल ने कथित रूप से देशी कट्टा दिखाया, तभी अचानक गोली चल गई। गोली रामकुमार के सीने में लगी और आर-पार निकल गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

 

विज्ञापन

नागौर से जोधपुर रेफर, बीच रास्ते में पलटी एंबुलेंस

घायल रामकुमार को पहले नागौर के राजकीय पंडित जवाहरलाल नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जोधपुर रेफर कर दिया गया। एंबुलेंस जब खींवसर के पद्मसर चौराहे के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज के समीप पहुंची, तभी अचानक सड़क पर गाय आने से चालक का संतुलन बिगड़ गया। एंबुलेंस अनियंत्रित होकर निर्माण स्थल के पास बने गहरे गड्ढे में जा गिरी और पलट गई। हादसे में रामकुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

 

निर्माणाधीन ओवरब्रिज की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

कार्यकारी जिला पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी ने बताया कि युवक को गोली लगने के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं पुलिस ने गोली चलने की घटना और सड़क हादसे—दोनों पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन ओवरब्रिज और उसके आसपास सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि करीब ढाई वर्षों से निर्माण कार्य जारी है, लेकिन मौके पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, चेतावनी संकेत और बैरिकेडिंग का अभाव है। लोगों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी से निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


विज्ञापन
( Connecting with social media platform )
App | E-paper   | Facebook   | Youtube
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

( नागौर डेली की लेटेस्ट न्यूज़ अपने व्हात्सप्प पे प्राप्त करने के लिए ग्रुप ज्वाइन करे )
Click to join Group

Latest News