अन्तर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस का जिला स्तरीय समारोह कुचामन पुस्तकालय में सभागार में हुआ आयोजित
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Tue, 08-Sep-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज) : अन्तर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस का जिला स्तरीय समारोह जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण नागौर और श्री कुचामन पुस्तकालय कुचामन सिटी के संयुक्त तत्वावधान में पुस्तकालय सभागार में आयोजित किया गया। गौरतलब है कि श्री कुचामन पुस्तकालय द्वारा 8 से 14 सितम्बतर तक राष्ट्रभाषा हिंदी सम्मान सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है ।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ललित कुमार शर्मा ने धरातल स्तर पर असाक्षरों को अक्षर ज्ञान के साथ-साथ मूलभूत जीवन कौशल सिखाने के लिए सभी संभागियों को प्रेरित किया। साक्षरता मुख्य संदर्भ व्यक्ति चम्पालाल कुमावत ने सम्मानित होने वाले ब्लॉक समन्वयक, साक्षरता प्रभारी, स्वयंसेवी शिक्षक एवं नवसाक्षरों की उपलब्धियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी एवं अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के उपलक्ष्य में रेडियो पर आकाशवाणी नागौर के चिरमी चैनल पर स्वयं द्वारा दी गई साक्षरता वार्ता का लाइव प्रसारण सुनाकर साक्षरता का प्रभावी संदेश दिया।
प्राचार्य डॉ लक्ष्मण शर्मा ने बताया कि साक्षरता के अन्तर्गत जमीनी स्तर पर नवसाक्षरों को मूलभूत जीवन कौशल जैसे मोबाइल का सदुपयोग, आपदा प्रबंधन, वित्तीय लेनदेन आदि सिखाकर उनके जीवन में परिवर्तन लाया जा सकता है। प्राचार्य मदन लाल चौधरी, उमा सारस्वत, सुनील माथुर, अशोक बोहरा आदि ने उपस्थित संभागियों को संबोधित किया।
ब्लॉक साक्षरता समन्वयक अमित रूलानिया ने आगंतुक सभी अतिथियों एवं संभागियों का स्वागत करते हुए विभागीय कार्यविधि एवं लर्नर्स के लिए शिक्षण एवं परीक्षा प्रणाली के बारे में जानकारी दी। कुचामन पुस्तकालय के अध्यक्ष शिवकुमार अग्रवाल, सचिव रामनिवास कुमावत एवं सक्रिय सदस्य सुरेश वर्मा ने उपस्थित संभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
साक्षरता प्रेरक से वरिष्ठ अध्यापक बने भंवरलाल कुमावत ने बताया कि साक्षरता का कार्य करते हुए उन्होंने 1000 से अधिक लोगों को शिक्षण करवा कर परीक्षा दिलाने में सहयोग किया। स्वयंसेवी शिक्षक कल्याणमल स्वामी ने साक्षरता गीत गाया। नव साक्षर मैना कंवर एवं मीरा ने अपने जीवन में साक्षरता के संपर्क में आकर अपने जीवन को बदलने के अनुभव सुनाए।
मौलासर के खोजास की नवसाक्षर मैना कंवर, डीडवाना के ब्लॉक साक्षरता समन्वयक जयसिंह राठौड़, कुचामन शहरी क्षेत्र साक्षरता प्रभारी उमा सारस्वत, पलाड़ा की सर्वेयर रोशन, नावां ब्लॉक के मींडा के पूर्व साक्षरता प्रेरक वरिष्ठ अध्यापक भंवरलाल कुमावत, मारोठ के पूर्व प्रेरक साक्षरता प्रभारी लक्ष्मणराम रैगर, शिम्भूपुरा के साक्षरता प्रभारी कमलेश वर्मा,
मकराना ब्लॉक के बरवाली के सर्वेयर वीरसिंह, लाडनूँ के जसवंतगढ़ के सर्वेयर सत्यनारायण साँखला को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। खंड कुचामन के संगीता व शंकरलाल कुमावत, राजू देवी एवं नावां खंड से राजेश मीणा व गीता देवी को सम्मानित किया गया।
नई दिल्ली में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस 2024 के राष्ट्रीय समारोह में अपनी प्रस्तुति देने वाले कुचामन ब्लॉक के मंगलपुरा के स्वयंसेवी शिक्षक कल्याणमल स्वामी और चारणवास की नवसाक्षर मीरां को स्मृति चिह्न प्रदान कर अभिनन्दन किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी एवं सफल संचालन सत्य प्रकाश शर्मा सच ने किया। इस अवसर पर कालीचरण व्यास, डॉ. ईश्वरराम बेड़ा, जीवनराम बगड़िया, रमेश चावला सत्यनारायण मोर, किशनलाल, भवानी प्रसाद मीणा आदि उपस्थित रहे।