विज्ञापन

शिक्षकों और विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत ने सौंपा ज्ञापन

सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक Tue, 16-Jun-2026

कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज) राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत के प्रांतीय आह्वान पर संगठन की उपशाखा कुचामन सिटी ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों के समाधान को लेकर अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रामेश्वरलाल चौधरी को शिक्षा मंत्री, राजस्थान सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

 

विज्ञापन

उपशाखा अध्यक्ष भागीरथराम महला ने बताया कि संगठन ने पे-प्रोटेक्शन के संबंध में वित्त विभाग द्वारा 2 जून को जारी आदेश की पुनः समीक्षा कर शिक्षकों से प्रस्तावित वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। इसके अलावा ग्रीष्मकालीन अवकाश को पूर्ववत लागू करते हुए नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 1 जुलाई से करने, पोषाहार (एमडीएम) एवं ट्रांसपोर्ट वाउचर की बकाया राशि का शीघ्र भुगतान करने तथा सभी विद्यालयों में पर्याप्त स्टाफ, बिजली, पानी एवं कक्षों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई।

 

विज्ञापन

ज्ञापन में विद्यालयों की स्वच्छता के लिए प्रत्येक स्कूल में नियमित सफाई कर्मचारी नियुक्त करने, सभी संवर्गों के लिए स्थायी स्थानांतरण नीति लागू कर स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू करने तथा 1 अप्रैल 2026 तक की विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की प्रक्रिया पूर्ण करने की मांग की गई। साथ ही नवक्रमोन्नत विद्यालयों में पदों की वित्तीय स्वीकृति जारी करने और वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्यता के मुद्दे का न्यायसंगत समाधान करने की भी मांग उठाई गई।

संगठन ने नव चयनित सभी शारीरिक शिक्षकों के स्थायीकरण आदेश जारी करने, राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) को निरंतर जारी रखने तथा सातवें वेतन आयोग से जुड़े कुछ विशेष मामलों में विकल्प तिथि परिवर्तन की अनुमति प्रदान करने की मांग भी सरकार के समक्ष रखी। संगठन का कहना है कि इन मांगों का सीधा संबंध शिक्षकों, विद्यार्थियों और शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता से जुड़ा हुआ है।

 

ज्ञापन सौंपते हुए संगठन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार एवं प्रशासन द्वारा इन मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत बड़े और व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

इस दौरान संगठन के जिला मंत्री मोहम्मद शकील, ब्लॉक अध्यक्ष भागीरथराम महला, रामेश्वरराम भाकर, रामस्वरूप चौधरी, मदनलाल भीचर (प्रधानाचार्य), जावेद खान, नेमाराम ढाका, नेमीचंद भाकर, मोहनलाल, दीपिका, सुनीता सोनी, अनीता कीलका, मंजू निर्वाण सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।


विज्ञापन
( Connecting with social media platform )
App | E-paper   | Facebook   | Youtube
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

( नागौर डेली की लेटेस्ट न्यूज़ अपने व्हात्सप्प पे प्राप्त करने के लिए ग्रुप ज्वाइन करे )
Click to join Group

Latest News