उपखण्ड प्रशासन कुचामन द्वारा ग्राम पंचायत पलाड़ा में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Tue, 16-Jun-2026 |
|---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित जनकल्याण शिविर अभियान के अंतर्गत आज ग्राम पंचायत पलाड़ा में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का निरीक्षण जिला कलेक्टर डीडवाना-कुचामन अवधेश मीणा द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर महोदय ने लाभार्थियों को 11 पट्टों एवं मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की पॉलिसियों का वितरण किया। साथ ही उन्होंने शिविर में उपस्थित सभी 22 विभागों के अधिकारियों को आमजन को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने, प्राप्त परिवेदनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर अधिकाधिक लाभान्वित करने के निर्देश प्रदान किए।
शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी कुचामन सिटी विश्वामित्र मीना की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को एक ही स्थान पर सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं एवं परिवेदनाओं की सुनवाई कर उनका त्वरित निस्तारण किया गया तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करते हुए सेवा प्रदाय सुनिश्चित किया गया।
ग्रामीण सेवा शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्यवाही करते हुए मौके पर ही समाधान के प्रभावी प्रयास किए गए।
उपखण्ड प्रशासन कुचामन सिटी द्वारा आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकारी सेवाओं का सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर श्रीमती लीना कंवर, सरपंच ग्राम पंचायत पलाड़ा, रामेश्वर गढ़वाल, तहसीलदार, अजीत सिंह, विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे तथा शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।