राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम कल 5 बजे होगा घोषित
![]() |
सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक | Wed, 21-May-2025 |
---|
कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज) : राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम गुरुवार को शाम 5 बजे घोषित करेगा। बोर्ड के सचिव कैलाश चंद्र शर्मा ने बताया- विज्ञान, कला और वाणिज्य संकायों का रिजल्ट एक साथ जारी किया जाएगा। इस साल कुल 8 लाख 93 हजार 616 स्टूडेंट परीक्षा के लिए रजिस्टर्ड थे। इनमें से साइंस में 2 लाख 73 हजार 984, कॉमर्स में 28 हजार 250 आट्र्स में 5 लाख 87 हजार 475 और वरिष्ठ उपाध्याय में 3907 स्टूडेंट रजिस्टर्ड थे।
बोर्ड सचिव ने बताया- 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 6 मार्च से शुरू हुई थी। अंतिम परीक्षा 9 अप्रैल को थी। रिजल्ट की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। स्टूडेंट अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकेंगे। पिछले साल की तरह इस साल भी तीनों संकायों का परिणाम एक साथ जारी किया जा रहा है। शर्मा ने बताया- बोर्ड की ओर से 10वीं क्लास का रिजल्ट भी जल्दी ही घोषित किया जाएगा, जिसकी तिथि की घोषणा भी जल्द की जाएगी।
RBSE 12वीं का पिछले साल का रिजल्ट राजस्थान बोर्ड की 12वीं कक्षा में पिछले साल तीनों संकायों में शानदार नतीजे रहे। वाणिज्य संकाय में 26,622 स्टूडेंट्स में से 98.95% सफल हुए, जिसमें लड़कियों में 99.51% और लड़कों में 98.66% स्टूडेंट पास हुए।
कला संकाय में सबसे ज्यादा 5.78 लाख स्टूडेंट्स पंजीकृत थे, जिनमें से कुल 96.88% स्टूडेंट पास हुए। इसमें लड़कियों में 97.86% और लड़कों में 95.80% सफल रहें। विज्ञान संकाय में 2.60 लाख पंजीकृत स्टूडेंट्स में से 97.73% पास हुए, जहां लड़कियों में 98.90% और लड़कों में 97.08% विद्यार्थी सफल रहे।