विज्ञापन

कुचामन नगरपरिषद परिसर में आयोजित शिविर में 7.20 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त, विभिन्न प्रकरणों का हुआ निस्तारण

सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक Tue, 16-Jun-2026

कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज) नगरपरिषद कुचामन सिटी परिसर में मंगलवार को आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 का जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और प्रगति का जायजा लिया। शिविर का निरीक्षण प्रभारी सचिव समिति शर्मा, जिला कलेक्टर अवधेश मीणा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर विकास मोहन भाटी तथा उपखंड अधिकारी विश्वामित्र मीणा ने किया। 

विज्ञापन

अधिकारियों ने शिविर में पहुंचकर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को अधिकाधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। नगरपरिषद आयुक्त शैलेश कांकरिया ने बताया कि शिविर के दौरान कृषि भूमि नियमन के 8 पट्टे तथा धारा 69-ए के तहत 1 पट्टा जारी किया गया। इसके अलावा भवन निर्माण स्वीकृति के 2 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। वहीं जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से जुड़े 40 प्रमाण पत्र जारी किए गए। 

विज्ञापन

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 5 ऋण आवेदन स्वीकृत किए गए तथा नगरीय विकास कर से संबंधित एक प्रकरण का भी निस्तारण किया गया। शिविर के माध्यम से नगरपरिषद को लगभग 7.20 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। राजस्व अधिकारी प्रवीण जांगिड़ ने बताया कि शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। मानसून पूर्व तैयारियों के तहत नालों की सफाई करवाई जा रही है। साथ ही नगरपरिषद क्षेत्र के विभिन्न होटलों, रेस्टोरेंट, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, कोचिंग सेंटरों और शैक्षणिक संस्थानों में फायर सेफ्टी की जांच भी की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव समिति शर्मा और जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने शिविर की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्मिकों का उत्साहवर्धन किया। शिविर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्युत विभाग के तीन कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। 

वहीं पूर्व सभापति सुरेश तथा पूर्व जनप्रतिनिधियों नरसीलाल और भागीरथराम ने कृषि भूमि नियमन की दरों एवं धारा 69-ए के पट्टों से संबंधित दस्तावेजों व जमा राशि में राहत देने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी। इस अवसर पर नगरपरिषद के महेश कुमार, कनवरलाल, आशीष दाधीच, सुगना देवी, भगवती देवी, रायसिंह मीणा सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।


विज्ञापन
( Connecting with social media platform )
App | E-paper   | Facebook   | Youtube
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

( नागौर डेली की लेटेस्ट न्यूज़ अपने व्हात्सप्प पे प्राप्त करने के लिए ग्रुप ज्वाइन करे )
Click to join Group

Latest News