विज्ञापन

कुचामन : ज्वैलर्स से ठगी करने वाले आरोपियों को किया न्यायालय में पेश, तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा

सद्दाम रंगरेज, प्रधान संपादक Sun, 26-Apr-2026

कुचामनसिटी(नागौर डेली न्यूज)। कुचामन सिटी पुलिस ने ज्वैलर्स को निशाना बनाकर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद परबतसर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

 

विज्ञापन

थानाधिकारी सतपाल सिंह सिहाग ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। मामले में 21 अप्रैल को कुचामन निवासी श्रीभगवान सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने खुद को स्वर्णकार बताकर फोन पर सोने का ऑर्डर दिया और 22.500 ग्राम सोना देने की बात कही। परिवादी ने करीब 23.630 ग्राम सोने का रवा तैयार कर दिया।

इसके बाद आरोपी का एक साथी कुचामन पहुंचा और तैयार सोने का माल लेकर बदले में सोने की सिल्ली दे गया, जो बाद में जांच में नकली निकली। इसके बाद आरोपियों के मोबाइल फोन बंद हो गए।

विज्ञापन

साइबर टीम की मदद से गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जयपुर दक्षिण के शिप्रापथ क्षेत्र से गौरव सोनी और सागर सोनी को गिरफ्तार किया।

अन्य शहरों में भी कर चुके वारदात

पूछताछ में सामने आया कि गिरोह इंटरनेट के माध्यम से ज्वैलर्स के नंबर निकालकर उन्हें बड़े ऑर्डर का लालच देता था और इसी तरह ठगी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपियों ने इंदौर और जयपुर सहित अन्य शहरों में भी कई वारदातें करना स्वीकार किया है।

 

शातिर तरीका : कैब और होटल का इस्तेमाल

गिरोह वारदात के दौरान किराए की कैब का उपयोग करता था और पहचान छुपाने के लिए लग्जरी होटलों में ठहरता था, जिससे पुलिस को पकड़ने में कठिनाई होती थी।

थानाधिकारी ने बताया कि आरोपियों से रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की जा रही है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। जल्द ही और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

कार्रवाई में शामिल टीम

इस कार्रवाई में थानाधिकारी कुचामन सिटी सतपाल सिंह सिहाग के नेतृत्व में शिप्रापथ (जयपुर दक्षिण) थानाधिकारी महेन्द्र सिंह यादव, साइबर सेल प्रभारी प्रेमप्रकाश, उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह, कांस्टेबल ओमप्रकाश, लाल सिंह, आत्माराम एवं महिला कांस्टेबल निशा सहित टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।


विज्ञापन
( Connecting with social media platform )
App | E-paper   | Facebook   | Youtube
( पर फ़ॉलो भी कर सकते है )

( नागौर डेली की लेटेस्ट न्यूज़ अपने व्हात्सप्प पे प्राप्त करने के लिए ग्रुप ज्वाइन करे )
Click to join Group

Latest News